राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में जटिल सर्जरी : 26 सप्ताह के गर्भ के आकार का ट्यूमर निकाला, महिला को दिया नया जीवन

Share This :

राजनांदगांव। शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (मेडिकल कॉलेज) राजनांदगांव के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग के डॉक्टरों ने एक बेहद जटिल और चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन कर महिला को नया जीवन दिया है। डॉक्टरों की टीम ने महिला के शरीर से 26 सप्ताह के शिशु के आकार का विशाल ट्यूमर (ब्रॉड लिगामेंट फाइब्रॉयड) सफलतापूर्वक बाहर निकाला।

जांच में कैंसर का था शक, निकला फाइब्रॉयड

स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मीना आरमो ने बताया कि यूएसजी और सीटी स्कैन रिपोर्ट में गर्भाशय कैंसर की आशंका जताई गई थी। इसके आधार पर स्टेजिंग लैप्रोटॉमी की योजना बनाई गई। लेकिन ऑपरेशन के दौरान पेट में चीरा लगाते ही स्पष्ट हुआ कि यह कैंसर नहीं, बल्कि ब्रॉड लिगामेंट फाइब्रॉयड है। यह ट्यूमर गर्भाशय के बाहर बाईं ओर स्थित था।

मूत्रवाहिनी और रक्त वाहिकाओं के पास था ट्यूमर

ट्यूमर के आसपास मूत्रवाहिनी (यूरेटर) और मुख्य रक्त वाहिकाएं होने के कारण यह सर्जरी बेहद जोखिम भरी थी। डॉक्टरों ने अत्यंत सावधानी से इस विशाल ट्यूमर को बाहर निकाल दिया। फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और वह तेजी से रिकवर कर रही है।

इन्होंने निभाई मुख्य भूमिका:

यह सफल ऑपरेशन विभागाध्यक्ष डॉ. मीना आरमो, सहायक प्राध्यापक डॉ. अंबालिया ठाकुर, एनेस्थीसिया विभागाध्यक्ष डॉ. दुर्गा कोसम, सह प्राध्यापक डॉ. स्मृति, स्टाफ प्रभारी इंदुमती और स्टाफ नर्स माहेश्वरी की टीम ने मिलकर किया।