राजनांदगांव। महापौर मधुसूदन यादव ने कन्हारपुरी और डोंगरगांव विधानसभा क्षेत्र के तुमड़ीबोड़ धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर खरीदी का शुभारंभ किया। दोनों केंद्रों में धान और इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटे की पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने किसानों को तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया। महापौर ने केंद्रों में बारदाना, तौल कांटा, सुरक्षित भंडारण और परिवहन की व्यवस्थाएं भी देखीं।
कन्हारपुरी सहकारी समिति में समिति अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू, विशेष अतिथि रामेश्वर चंद्राकर और स्थानीय किसानों ने चबूतरा निर्माण तथा प्रकाश व्यवस्था की मांग रखी। इस पर महापौर ने केंद्र में चबूतरा और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए अगले दिन से ऑफलाइन टोकन की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी।
16 नए केंद्र खुलने से दूरी होगी कम
महापौर ने किसानों से कहा कि इस वर्ष जिले में 16 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे किसानों को अपने नजदीकी केंद्र में ही उपज बेचने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि शासन की कृषि उन्नति योजना किसानों की आय सुरक्षा और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
यादव ने बताया कि धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से और प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल की सीमा तक की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपए की आदान सहायता राशि मिलेगी। निर्धारित रकबे के अनुसार कम मात्रा में धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी सहायता का लाभ मिलेगा। इससे छोटे और मध्यम किसानों को राहत मिलेगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और कृषि मंत्री रामविचार नेताम को किसान हितैषी निर्णयों के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक आय उपलब्ध कराना है।
दोनों केंद्रों में ये रहे मौजूद
महापौर के साथ वरिष्ठ पार्षद सावन वर्मा और मनोहर यादव उपस्थित थे। कन्हारपुरी केंद्र में समिति अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार साहू, रामेश्वर चंद्राकर, युवराज दास ढीरहेर, कन्हैया साहू, मिथलेश साहू, लखन चंद्राकर, देवराम पटेल, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज साहू और विशेश्वर साहू सहित किसान मौजूद रहे।
तुमड़ीबोड़ केंद्र में समिति अध्यक्ष सुंदर वर्मा, समिति प्रबंधक छबिल निषाद, बैंक प्रबंधक प्रकाश शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजू यादव, अमरतन साहू, निर्भय श्रीवास, निवेदन साहू, जितेंद्र सिन्हा, निर्मला सिन्हा, शत्रुहन वर्मा, टेलन सिंह वर्मा और जिवराखन वर्मा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।
