दीपावली मिलन में एक मंच पर जुटा भाजपा परिवार, संगठन की एकजुटता का दिया संदेश

Share This :

राजनांदगांव। भारतीय जनता पार्टी जिला राजनांदगांव की ओर से डोंगरगढ़ के बिंदल लॉन में दीपावली मिलन एवं समरसता भोज का आयोजन किया गया। दीपावली के उल्लास और आत्मीयता के बीच आयोजित इस समारोह में प्रदेश के शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संगठन की एकजुटता, आपसी सौहार्द तथा समर्पण की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि दीपावली मिलन केवल शुभकामनाओं के आदान-प्रदान का अवसर नहीं है, बल्कि संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता के साथ आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की शक्ति है। सभी के सामूहिक परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से ही संगठन निरंतर मजबूत होता है।

प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की भूमिका और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला। वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

महापौर मधुसूदन यादव ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को नकारात्मकता छोड़कर संगठन के साथ समन्वय बनाते हुए सरकार की योजनाओं को सकारात्मक भाव से जनता के बीच रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन आपसी मेल-मिलाप और पारिवारिक संबंधों को प्रगाढ़ करने के साथ संगठन में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव का आभार जताया।

महतारी वंदन योजना का किया उल्लेख

मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी पूंजी हैं। संगठन की एकजुटता, समर्पण और सक्रियता उसकी ताकत है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में संचालित महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार पात्र महिलाओं के खातों में नियमित रूप से राशि अंतरित कर रही है। उन्होंने झारखंड, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश सहित अन्य राज्यों में ऐसी योजनाओं की स्थिति का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस तरह एक दीपक से दूसरा दीपक प्रज्वलित होता है, उसी तरह कार्यकर्ता भी एक-दूसरे में ऊर्जा और उत्साह का संचार करें। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी को आपसी समन्वय और सामूहिक भावना के साथ संगठन को और मजबूत बनाने के लिए काम करना चाहिए।

महिला नेत्रियों ने दी सुवा नृत्य की प्रस्तुति

समारोह के समापन अवसर पर प्रभारी मंत्री के आग्रह पर भाजपा की महिला नेत्रियों ने छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति और परंपरा का प्रतीक सुवा नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिया। उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का संचालन प्रदेश किसान मोर्चा के प्रकल्प के प्रदेश संयोजक विजेंद्र सिंह ठाकुर ने किया। अंत में पूर्व विधायक विनोद खांडेकर ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती, जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर, शशिकांत द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, उपाध्यक्ष किरण साहू, श्रम कल्याण मंडल अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, सहकारी केंद्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, भरत वर्मा, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख, पूर्णिमा साहू, मनोज निर्वाणी, डॉ. नीरेन्द्र साहू, प्रदीप गांधी, चन्द्रिका डडसेना, हरविंदर सिंह मंगे, लक्ष्मी नारायण अग्रवाल, कुलवंत कक्कड़, मधु अग्रवाल, नगर पालिका अध्यक्ष रमन डोंगरे, अमित जैन, उमा महेश वर्मा, सत्यप्रकाश मिश्रा, जैन कुमार मेश्राम, मंडल अध्यक्ष सौमित्र सोनी, अनिल सिन्हा, जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चन्द्राकर, किरण बारले, सावन वर्मा, रवि सिन्हा, राजा माखीजा, रुपचंद भीमनानी, तरुण हथेल, हरीश शर्मा, वीरेंद्र सोनी, राधेश्याम गुप्ता, शैंकी बग्गा, दादूराम सोनकर, मनीष सोनी, प्रकाश बिंदल, तुलसी मिश्रा, लक्ष्मी यादव, ज्योति बड़वाईक और नादान सेन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दीपावली मिलन एवं समरसता भोज का यह आयोजन संगठन के सदस्यों के बीच आपसी मेल-जोल, सांस्कृतिक सहभागिता और सामूहिकता का अवसर बना।