गोवंश हत्या का मुख्य फरार आरोपी नागपुर से गिरफ्तार, मांस खरीदने वाली दो महिलाएं भी सलाखों के पीछे

Share This :

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले के चौकी चिखली थाना क्षेत्र अंतर्गत गौरी नगर में हुई गोवंश की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने एक और बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य फरार आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में चिखली पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। इस ताजा कार्रवाई के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

नागपुर से दबोचा गया मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, विगत दिनों हिंदू आस्था के प्रतीक गोवंश की निर्मम हत्या कर उसका सिर काटकर गौरी नगर स्थित शीतला तालाब और निर्माणाधीन अंडरब्रिज के पास फेंक दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने पहले ही 10 आरोपियों और एक अपचारी बालिका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी की तलाश के लिए पुलिस और सायबर सेल की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। रविवार (18 अक्टूबर 2026) को पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी एजाज अहमद उर्फ कसाई उर्फ वकील अंसारी (पिता शेख ईशराईल, उम्र 39 वर्ष, निवासी शिवनगर, वांजरा रोड, यशोधरा नगर, नागपुर, महाराष्ट्र) को नागपुर से धर दबोचा।

गोमांस खरीदने वाली दो महिलाएं भी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने गोमांस की खरीदी करने वाली दो महिलाओं—खैरून निशा (पति सफीक खान, उम्र 60 वर्ष) और नसीमा बेगम उर्फ रानी (पति स्व. गफुर खान, उम्र 57 वर्ष, दोनों निवासी गौरी नगर, राजनांदगांव)—को भी हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान इन्होंने पूर्व में गिरफ्तार अपने साथियों के साथ मिलकर इस अपराध को अंजाम देना स्वीकार किया। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इन धाराओं के तहत दर्ज है मामला
इस जघन्य कृत्य के संबंध में पुलिस ने बीएनएस की धारा 299, 325, 238, 3(5) तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 4, 6, 10 और 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम देने में कोतवाली प्रभारी उपेंद्र शाह, सोमनी प्रभारी एमन साहू, बसंतपुर प्रभारी कौशलेन्द्र देवांगन, चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक कैलाश चंद्र मरई, उपनिरीक्षक सत्तुलाल कंवर, प्रधान आरक्षक अरुण नेताम, महिला प्रधान आरक्षक वंदना पटले, आरक्षक आदित्य सोलंकी, प्रयांश, लीलेंद्र, अवध, श्रीनिवास, चंद्रकपूर आयाम, गोपाल पैकरा, सुनील बैरागी तथा सायबर सेल राजनांदगांव से निरीक्षक विनय पम्मार, आरक्षक अविनाश झा, मनोज खुंटे, जीवन ठाकुर, हरीश एवं पूरी चौकी चिखली टीम की सराहनीय और महत्वपूर्ण भूमिका रही है।