गोवंश हत्या मामला : आरोपितों की अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर, गौरी नगर में मची गहमागहमी

Share This :

राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले में गोवंश की हत्या के गंभीर मामले के तूल पकड़ने के बाद रविवार को प्रशासन और नगर निगम ने कड़ा रुख अपनाया। नगर निगम की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में गौरी नगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए इस मामले के आरोपितों द्वारा संचालित अवैध दुकानों (चिकन-मटन सेंटर) पर बुलडोजर चलाकर उन्हें जमींदोज कर दिया। इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में काफी गहमागहमी और तनाव का माहौल बन गया।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए महापौर मधुसूदन यादव खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां विरोध-प्रदर्शन कर रहे आक्रोशित नागरिकों को समझाइश दी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए स्थिति को संभाला।

बिना अनुमति चल रही थीं दुकानें
जांच में यह बात सामने आई कि गोवंश हत्या के मामले में जिन लोगों को आरोपित बनाया गया है, वे गौरी नगर क्षेत्र में अवैध रूप से चिकन-मटन सेंटर संचालित कर रहे थे। इन दुकानों के संचालन के लिए नगर निगम से किसी भी प्रकार की वैध अनुमति या लाइसेंस नहीं लिया गया था। मामले में आरोपितों की संलिप्तता पुख्ता होने के बाद निगम प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया।

महापौर बोले- किसी को नहीं बख्शेंगे
मौके पर मीडिया से चर्चा करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने दो टूक कहा कि गोवंश की हत्या जैसे जघन्य कृत्य में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे प्रकरण में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, पुलिस उसके खिलाफ सख्त से सख्त नियमानुसार कार्रवाई करेगी। महापौर ने यह भी चेतावनी दी कि पूरे शहर में अवैध रूप से संचालित हो रहे अन्य चिकन-मटन सेंटरों और अवैध निर्माणों को भी चिह्नित कर कानूनी नोटिस जारी किया जाएगा और नियमानुसार बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी।

अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
इस सनसनीखेज मामले में पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 11 आरोपितों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। वहीं, इस जघन्य कृत्य में शामिल अन्य संभावित आरोपितों की भूमिका और संपर्कों की गहनता से छानबीन की जा रही है।

घटना के बाद से ही पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। आम जनता की निगाहें अब पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं, जबकि क्षेत्र में एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।