छत्तीसगढ़: जुआ खेलते पकड़े गए आरक्षक, एसपी ने किया निलंबित

Share This :

कोरबा (नांदगांव टाइम्स) | छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला एक मामला सामने आया है। सक्ती जिले के पुलिस लाइन में तैनात एक आरक्षक को कोरबा जिले में जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया है। मामला सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने संलिप्त आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरक्षक मनोज कुमार सारथी (40 वर्ष), जो जांजगीर का निवासी है, 22 जून से बिना किसी सूचना और अनुमति के अपनी ड्यूटी से नदारद था। इसी दौरान वह कोरबा जिले के रजगामार क्षेत्र में जुआ खेलने पहुंच गया।तभी इसी दौरान पुलिस ने वहां छापा मारा और आरक्षक मनोज कुमार सारथी को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

मामले की जानकारी मिलने पर शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरक्षक मनोज कुमार सारथी को तुरंत निलंबित कर दिया। इसके अलावा, उनके खिलाफ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।

यह घटना पुलिस विभाग के लिए एक गंभीर मामला है, क्योंकि कानून की रक्षा करने वाला एक कर्मी स्वयं कानून का उल्लंघन करता पाया गया है। एसपी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई से विभाग में अनुशासन बनाए रखने के प्रति गंभीरता का संदेश गया है।