जनदर्शन में मिली राहत, आवेदिका को उपलब्ध कराई गई भूमि सीमांकन की पूरी जानकारी

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण की दिशा में जिला प्रशासन लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में ग्राम पदुमतरा निवासी खोरबहारिन की भूमि संबंधी समस्या का समाधान कर उन्हें सीमांकन प्रतिवेदन एवं भूमि के आयामों की जानकारी उपलब्ध कराई गई।

जानकारी के अनुसार आवेदिका ने कलेक्टर जनदर्शन में आवेदन प्रस्तुत कर बताया था कि उनकी निजी भूमि का सीमांकन जनवरी 2026 में किया गया था, लेकिन सीमांकन के दौरान भूमि की लंबाई-चौड़ाई तथा चारों दिशाओं के आयामों की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। इस संबंध में कई बार आवेदन करने के बावजूद उन्हें आवश्यक जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने राजस्व विभाग को आवश्यक निर्देश दिए। निर्देशों के पालन में राजस्व अधिकारियों की टीम ने आवेदिका की उपस्थिति में पुनः स्थल का निरीक्षण कर सीमांकन का सत्यापन किया। इसके बाद तैयार प्रतिवेदन में भूमि की चारों दिशाओं के आयाम एवं अन्य आवश्यक विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज किए गए।

राजस्व विभाग द्वारा सीमांकन प्रतिवेदन की प्रति आवेदिका को उपलब्ध कराए जाने के बाद उनकी लंबे समय से लंबित समस्या का निराकरण हो गया। समस्या के समाधान पर खोरबहारिन ने जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिला प्रशासन ने कहा कि जनदर्शन के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण कर नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।