राजनांदगांव। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जिले में सेवा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जिला भाजपा ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
रानी सागर, बूढ़ा सागर और शीतला मंदिर में प्रज्वलित होंगे एक लाख दीप
सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी व महापौर मधुसूदन यादव ने बताया कि राजनांदगांव शहर के ऐतिहासिक रानी सागर, बूढ़ा सागर और आस्था के केंद्र मां शीतला मंदिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। दीपों की रोशनी से पूरा क्षेत्र जगमगा उठेगा। इस अवसर पर भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी, जो शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
प्रत्येक बूथ पर जलेंगे 100 दीये
कार्यक्रम के संयोजक सचिन बघेल ने बताया कि जिले के सभी 1072 बूथों पर प्रधानमंत्री का जन्मदिन मनाया जाएगा और प्रत्येक बूथ में 100-100 दीप जलाए जाएंगे।
डोंगरगढ़ की पहाड़ियों पर जगमगाएंगे 51 हजार दीपक
प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती, पूर्व विधायक विनोद खांडेकर और रमन डोंगरे ने बताया कि मां बमलेश्वरी की नगरी डोंगरगढ़ की पहाड़ियों पर 51 हजार से अधिक दीपक जलाए जाएंगे। इस कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह होंगे मुख्य अतिथि
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह 17 सितंबर की शाम 6 बजे मां शीतला मंदिर में दर्शन के बाद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर पद्मश्री पुखराज बाफना, पद्मश्री पद्मविभूषण (संबंधित विभूति) श्रीमती फूलबासन यादव सहित खेल व विभिन्न क्षेत्रों की नामचीन हस्तियां मौजूद रहेंगी।
पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और संकल्प पहुंचाने का माध्यम है। आयोजकों ने शहरवासियों से इस दीपोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
