राजनांदगांव। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की व्यापक तैयारियों को लेकर महापौर मधुसूदन यादव एवं कलेक्टर जितेंद्र यादव ने मंगलवार को ऐतिहासिक रानी सागर तालाब और शीतला मंदिर परिसर का औचक निरीक्षण किया।
17 सितंबर की शाम रानी सागर परिसर में एक साथ 1 लाख से अधिक मिट्टी के दीये प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। दीपों की इस भव्य रोशनी से न केवल रानी सागर जगमगाएगा, बल्कि पूरे शहर में सेवा, समर्पण और जनभागीदारी का एक अनोखा संदेश प्रसारित होगा।
सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन स्थल, प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, स्वच्छता तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष सचिन बघेल, समाजसेवी कोमल सिंह राजपूत, विधायक प्रतिनिधि संतोष अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकंडेय और नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित थे।
