राजनांदगांव। शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को न केवल आर्थिक संबल प्रदान कर रही हैं, बल्कि माताओं और बच्चों के बेहतर पोषण में भी संजीवनी साबित हो रही हैं। राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम पंचायत खैरझिटी निवासी श्रीमती उमेश्वरी जांगड़े के परिवार के लिए ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना’ एवं ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ खुशहाली का जरिया बनी हैं। दोनों योजनाओं के समन्वय से उन्हें कुल 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिली है।
हितग्राही उमेश्वरी जांगड़े ने बताया कि प्रथम पुत्र दुशांत जांगड़े और द्वितीय संतान पुत्री भावना जांगड़े के जन्म पर उन्हें दोनों योजनाओं का लाभ मिला। एक ही दिन बैंक खाते में सहायता राशि जमा होने से परिवार को बड़ा सहारा मिला। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने व बच्चों के बेहतर खान-पान और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया, जिससे आज उनके दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ और सुपोषित हैं।
माताओं के लिए वरदान साबित हो रहीं योजनाएं
“गर्भावस्था और शिशु के जन्म के समय मिली इस सहायता से बच्चों की देखभाल आसान हुई और परिवार पर आर्थिक बोझ भी नहीं पड़ा।”
— उमेश्वरी जांगड़े, हितग्राही (मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार)
जानिए कैसे मिली 51 हजार की सहायता राशि
प्रथम संतान (पुत्र): प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 5,000 रुपये तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना (श्रम विभाग) से 20,000 रुपये (कुल 25,000 रुपये)।
द्वितीय संतान (पुत्री): प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से बालिका जन्म पर 6,000 रुपये तथा मिनीमाता महतारी जतन योजना से 20,000 रुपये (कुल 26,000 रुपये)।
