सरकारी ज़मीन पर चला प्रशासन का बुलडोजर : बिहावबोड़ में 1 किमी अवैध सड़क ध्वस्त, 10 एकड़ में की जा रही थी प्लॉटिंग

Share This :

राजनांदगांव। शासकीय भूमि पर कब्जा जमाने और अवैध तरीके से प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने राजनांदगांव विकासखंड के मनगट्टा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिहावबोड़ में बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बिहावबोड़ स्थित शासकीय भूमिस्वामी खसरा क्रमांक 257 (रकबा 2.25 एकड़) पर भू-माफिया द्वारा कब्जा कर लगभग 1 किलोमीटर लंबी पक्की सड़क का निर्माण करा लिया गया था। इतना ही नहीं, इसके आसपास की करीब 10 एकड़ भूमि को समतल कर अवैध रूप से कॉलोनाइजरों की तर्ज पर प्लॉटिंग का खेल खेला जा रहा था। मामला संज्ञान में आते ही प्रशासन ने बिना देरी किए सख्त रुख अपनाया।

कलेक्टर के आदेश पर एसडीएम गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम बिहावबोड़ पहुंची। टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से बनाई गई 1 किमी लंबी सड़क को उखाड़ फेंका और प्लॉटिंग के लिए की गई घेराबंदी व चिन्हांकन को पूरी तरह से जमींदोज कर दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे, सड़क निर्माण या किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बेदखली और कार्रवाई की यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी।