मनगट्टा में अवैध प्लाटिंग पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 150 एकड़ भूमि पर निर्माण ध्वस्त

Share This :

राजनांदगांव। जिले में भू-माफियाओं और अवैध कॉलोनाइजरों के खिलाफ जिला प्रशासन का कड़ा रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में बुधवार सुबह राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम मनगट्टा में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर पहुंचे राजस्व विभाग के अमले ने करीब 150 एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को बुलडोजर चलाकर पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर मुस्तैदी दिखाते हुए अवैध रूप से विकसित की गई मुरूम की सड़कों, मुख्य प्रवेश द्वारों और अन्य कच्ची-पक्की संरचनाओं को जेसीबी मशीन की सहायता से पूरी तरह हटा दिया। प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध प्लाटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया है।

बिना अनुमति कृषि भूमि का कर रहे थे डायवर्सन
राजस्व अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि ग्राम मनगट्टा में बिना किसी वैधानिक अनुमति, ले-आउट पास कराए और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग की स्वीकृति के बिना बड़े पैमाने पर कृषि भूमि का अवैध डायवर्सन कर प्लाटिंग की जा रही है।

सूचना की तस्दीक करने के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और नियमों का खुला उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल भारी अमले के साथ पहुंचकर निर्माण कार्यों को ढहाने की दंडात्मक कार्रवाई की। प्रशासन ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित भू-स्वामियों और कॉलोनाइजरों के खिलाफ जल्द ही आगामी वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

झांसे में न आएं खरीदार, निवेश से पहले करें जांच
अवैध प्लाटिंग के जरिए आम लोगों को ठगी से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने एक जरूरी एडवाइजरी भी जारी की है।

प्रशासन की अपील:
कोई भी नागरिक अपनी गाढ़ी कमाई फंसाने से पहले संबंधित भूमि या प्लाट की वैधानिक स्थिति की अच्छे से जांच कर ले। खरीदार यह जरूर देख लें कि उक्त प्रोजेक्ट को रेरा (RERA), डायवर्सन और स्थानीय पंचायत या नगर निगम से अनुमति मिली है या नहीं। दस्तावेजों की सही जांच करने के बाद ही सौदा करें, ताकि भविष्य में किसी भी कानूनी परेशानी या नुकसान से बचा जा सके।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दोटूक शब्दों में कहा है कि जिले में अवैध प्लाटिंग, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और राजस्व नियमों के उल्लंघन के मामलों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आने वाले दिनों में भी अन्य क्षेत्रों में चिन्हित की गई अवैध कॉलोनियों पर इसी तरह बुलडोजर चलाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।