राजनांदगांव। सुशासन तिहार के अंतर्गत राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम खुटेरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान ‘जनजातीय गरिमा उत्सव 2026’ का गरिमामय शुभारंभ किया गया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के माध्यम से कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
यह विशेष अभियान जिले में 18 मई से शुरू होकर आगामी 25 मई तक पूरी सक्रियता के साथ चलाया जाएगा।
105 चयनित गांवों में चलेगा अभियान
अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय गरिमा उत्सव 2026 का आयोजन ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के अंतर्गत चयनित जिले के 105 गांवों में किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और आदिवासी अंचलों में जमीनी संपर्क बढ़ाना, सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ दिलाना और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता फैलाना है।
आदि सेवा केंद्रों में होगी सुनवाई:
अभियान के तहत ‘आदि कर्मयोगी अभियान’ के अंतर्गत निर्मित आदि सेवा केंद्रों में विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन केंद्रों में ग्रामीणों से प्राप्त होने वाली शिकायतों को सूचीबद्ध कर उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
‘गांव-गांव, द्वार-द्वार’ के संकल्प से सज रहे शिविर
‘सुशासन की सरकार, गांव-गांव, द्वार-द्वार’ के संकल्प को चरितार्थ करते हुए कार्यक्रम स्थल पर ही एक विशाल जनसमस्या निवारण शिविर भी लगाया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांग और शिकायतों से जुड़े आवेदनों पर सीधे सुनवाई की।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस गरिमामय उत्सव के शुभारंभ अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रतिमा चंद्राकर, जिला पंचायत सभापति श्रीमती देवकुमारी साहू, संतोष अग्रवाल, मनोज साहू, तिलेश्वर साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) सुश्री सुरूचि सिंह, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री दीक्षा गुप्ता सहित स्थानीय ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंच, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।
