राजनांदगांव। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य पूरी सुगमता और सुचारू रूप से जारी है। धान खरीदी के दूसरे दिन भी जिले के उपार्जन केंद्रों में किसानों ने बड़े उत्साह के साथ अपनी उपज का विक्रय किया। खाद्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार को जिले के 120 धान उपार्जन केंद्रों के लिए कुल 1,078 टोकन जारी किए गए थे, जिनके माध्यम से 41,339.20 क्विंटल धान विक्रय के लिए पंजीकृत था। जारी टोकनों के विरुद्ध 1,032 किसानों ने कुल 37,067.60 क्विंटल धान की बिक्री की। इस प्रकार टोकन प्राप्त करने वाले 95.73 प्रतिशत किसानों ने केंद्रों में पहुंचकर अपनी उपज बेची।
दो दिनों में 1,758 किसानों ने बेचा धान
जिले में धान खरीदी की शुरुआत के बाद से शुरुआती दो दिनों के भीतर कुल 1,758 किसानों से 63,428.80 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी गई हैं, और पूरी प्रक्रिया पर प्रशासनिक निगरानी बनी हुई है। वहीं, अगले दिन यानी 17 नवंबर को धान विक्रय के लिए 119 उपार्जन केंद्रों में कुल 1,194 टोकन जारी किए गए हैं, जिसके तहत 48,295.50 क्विंटल धान पंजीकृत है।
अवैध धान भंडारण और परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, 111 क्विंटल जप्त
जिले में अवैध धान के भंडारण, परिवहन और बिचौलियों के माध्यम से होने वाले अवैध विक्रय पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में रविवार को प्रशासन की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 278 कट्टा यानी 111.20 क्विंटल धान जप्त किया है।
डोंगरगढ़ में व्यापारियों पर शिकंजा: कृषि उपज मंडी समिति डोंगरगढ़ के सचिव और उपनिरीक्षकों के दल ने तहसील अंतर्गत दो ठिकानों पर दबिश दी। जांच के दौरान ग्राम कलकसा में एक व्यापारी के यहां से 50 कट्टा (20 क्विंटल) और ग्राम ढारा में दूसरे व्यापारी के यहां से 70 कट्टा (28 क्विंटल) अवैध धान जप्त किया गया। व्यापारियों के पास मंडी अधिनियम के तहत निर्धारित लाइसेंस सीमा से अधिक धान का संग्रहण मिला और वे वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सके। दोनों मामलों में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
केसाल उपार्जन केंद्र में पकड़ाया पुराना व मिश्रित धान: धान उपार्जन केंद्र केसाल समिति में भी बड़ी अनियमितता पकड़ी गई। एक कृषक द्वारा 76.80 क्विंटल धान विक्रय के लिए जारी टोकन के विरुद्ध 65 कट्टा पुराना और 93 कट्टा मिश्रित धान बिक्री के लिए लाया गया था। जांच के दौरान यह गड़बड़ी पकड़े जाने पर कुल 158 कट्टा (63.20 क्विंटल) धान जप्त कर समिति की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी व्यवस्था में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने और वैध किसानों के अधिकारों की रक्षा के लिए अवैध गतिविधियों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
