व्यापार और विकास का महाकुंभ: राजनांदगांव व्यापारी महाअधिवेशन में गूंजा आर्थिक प्रगति का विजन

Share This :

स्टेट कैपिटल रीजन में राजनांदगांव की एंट्री को बताया ऐतिहासिक उपलब्धि

व्यापारियों को नए अवसरों के लिए तैयार रहने का संदेश

राजनांदगांव (नांदगांव टाइम्स) । छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, राजनांदगांव द्वारा आयोजित जिला स्तरीय व्यापारी महाअधिवेशन का भव्य शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में शहर के एक निजी होटल में हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। अधिवेशन में व्यापार, उद्योग, निवेश और प्रदेश के आर्थिक विकास को लेकर व्यापक मंथन हुआ।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश आर्थिक मजबूती की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले को स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल किया जाना जिले के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्र में योजनाबद्ध विकास, निवेश और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

डॉ. रमन सिंह ने वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की कार्यशैली और दृढ़ संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की आर्थिक नीतियों को नई दिशा दी है। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि ओपी चौधरी ने अपनी मेहनत और दूरदृष्टि से प्रदेश को विकास के नए मार्ग पर आगे बढ़ाया है।

देश बनेगा 36 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था : ओपी चौधरी

वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी ने व्यापारी महाअधिवेशन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और आने वाले वर्षों में देश 36 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के इस दौर में व्यापारियों और उद्यमियों के लिए असीम संभावनाएं मौजूद हैं।उन्होंने कहा कि जीएसटी लागू होने के शुरुआती दौर में व्यापारियों को कुछ दिक्कतें आईं, लेकिन “एक देश-एक कर” व्यवस्था ने व्यापार को सरल और पारदर्शी बनाया है। पहले विभिन्न राज्यों में अलग-अलग कर व्यवस्था और निर्यात संबंधी जटिलताएं थीं, जिन्हें जीएसटी ने काफी हद तक समाप्त किया।

वित्त मंत्री ने स्पष्ट कहा कि कर प्रणाली में पारदर्शिता बेहद जरूरी है और फर्जी बिलिंग या इनपुट टैक्स क्रेडिट में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे बिना भय के ऐसे लोगों की जानकारी प्रशासन को दें, जो व्यापारिक वातावरण खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।

एआई, बायोफ्यूल और हाइड्रोजन एनर्जी में व्यापार के नए अवसर

श्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बायोफ्यूल, हाइड्रोजन एनर्जी और नवाचार आधारित उद्योगों में व्यापार और निवेश के बड़े अवसर मौजूद हैं। व्यापारी वर्ग को पारंपरिक व्यवसाय के साथ-साथ उभरते क्षेत्रों की ओर भी ध्यान देना चाहिए।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने लंबित 200 करोड़ रुपये की औद्योगिक सब्सिडी के भुगतान के लिए 468 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट स्वीकृत किया है। सरकार व्यापार और उद्योग को आगे बढ़ाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

स्टेट कैपिटल रीजन से विकास को मिलेगी नई रफ्तार

वित्त मंत्री ने कहा कि राजनांदगांव के स्टेट कैपिटल रीजन में शामिल होने से रायपुर सहित अन्य शहरों के साथ समेकित एवं योजनाबद्ध विकास संभव होगा। इससे व्यापार, उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग आधारित रोजगार उपलब्ध कराने के लिए जॉब पार्क की शुरुआत भी कर रही है।

व्यापार देश की आर्थिक रीढ़ : कमलेश बैद

छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज, राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री कमलेश बैद ने कहा कि व्यापार किसी भी देश की आर्थिक उन्नति का प्रमुख आधार होता है। चेम्बर व्यापारियों और शासन के बीच सेतु बनकर विकास की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

समाजसेवी श्री खूबचंद पारख ने कहा कि चेम्बर ऑफ कॉमर्स लगातार छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है तथा व्यापारी वर्ग को नई ऊर्जा और प्रोत्साहन प्रदान कर रहा है।

व्यापारी-उद्यमी सम्मान से सम्मानित हुए कई चेहरे

अधिवेशन में श्री नंदलालजी राठी, श्री टीकम दास साहू, श्रीमती हीना बेन रायचा, श्री शेखर बोथरा, श्री उन्नति पंजवानी तथा गुरबचन कौर सावलानी को “व्यापारी-उद्यमी सम्मान” से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, पूर्व सांसद श्री अभिषेक सिंह, छत्तीसगढ़ चेम्बर के प्रदेश अध्यक्ष श्री सतीश थोरानी, श्री कोमल सिंह राजपूत, श्री जितेन्द्र मुदलियार, श्री बलदेव सिंह भाटिया, श्री संतोष अग्रवाल, श्री मनोज अग्रवाल, एबिस ग्रुप से श्रीमती जोया आफरीन आलम, पद्मश्री फूलबासन यादव, श्री दामोदर दास मूंदड़ा, श्री अजय बसीन, श्री निकेश बरडिया सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।