सुशासन तिहार : जन समस्या निवारण शिविर में आए 56 आवेदन, महापौर ने बांटे ऋण पत्र और ड्राइविंग लाइसेंस

Share This :

राजनांदगांव। नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करने और उन्हें सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाने के लिए नगर पालिक निगम द्वारा सुशासन तिहार-2026 के तहत वार्डों में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को भरकापारा स्कूल में पांच वार्डों (वार्ड क्रमांक 25, 26, 27, 28 और 29) के लिए संयुक्त शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 56 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 45 आवेदन विभिन्न मांगों से संबंधित और 11 आवेदन शिकायतों के थे।
शिविर में पहुंचे महापौर मधुसूदन यादव ने वार्डवासियों से सीधे रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं और आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। महापौर ने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करना है। उन्होंने शिविर में मौजूद सभी विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया और भीषण गर्मी के बावजूद सुबह 10 बजे से मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर डटे अधिकारियों व कर्मचारियों की सराहना की।
शिविर के दौरान महापौर मधुसूदन यादव और उपस्थित पार्षदों ने विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित किया। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत स्वीकृत 3 हितग्राहियों को व्यापार व्यवसाय के लिए ऋण पत्र सौंपे गए। परिवहन विभाग के माध्यम से बनकर तैयार हुए 5 नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से शिविर में 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की गई और 2 नवजात शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे जनहित के मामलों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर तुरंत किया जाए। इसके अलावा वार्डवासियों की मांग पर आंगनबाड़ी में किचन व शौचालय निर्माण तथा हमर क्लीनिक के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाएगा।
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने मौके पर मौजूद सभी विभागीय प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी 56 आवेदनों को विभागवार सूचीबद्ध किया जाए। साथ ही इनकी ऑनलाइन प्रविष्टि सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर समस्याओं का निराकरण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
नगर निगम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सुशासन तिहार के तहत अगला जन समस्या निवारण शिविर आगामी 25 मई (सोमवार) को आयोजित किया जाएगा। यह शिविर रेवाडीह आशा नगर (वार्ड नंबर 21) के नागरिकों के लिए रेवाडीह में ही प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।
इस अवसर पर सामान्य प्रशासन विभाग के प्रभारी सदस्य राजेश जैन रानू, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शैकी बग्गा, पार्षद झामित नादान सेन, अमित कुशवाहा, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, मनोहर यादव, पूर्व पार्षद बंटी यादव सहित निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित थे।