राजनांदगांव। जनता की समस्याओं का समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के तहत पेन्ड्री में वार्ड नं. 20 के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासी पहुंचे और कुल 149 आवेदन जमा किए। इनमें 132 मांग और 17 शिकायत संबंधी आवेदन थे। पार्षद कुलेश्वर ध्रुव, वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा और पूर्व पार्षद मुकेश ध्रुव ने वार्डवासियों से उनकी समस्याओं पर चर्चा की और आवेदन सुनिश्चित करवाए।
शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग की सहयोग से 5 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और 2 नवजात शिशुओं का अन्नप्राशन भी कराया गया। परिवहन विभाग की ओर से एक नागरिक को ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किया गया।
इसी अवसर पर पेन्ड्री हाई स्कूल के 10वीं कक्षा के टॉप 10 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, वार्ड के दो नागरिक रामरतन यादव और काशीराम मैथिलक्षत्रीय को निगम के बकाया कर का भुगतान करने पर सम्मानित किया गया।
वार्डवासी इस सुविधा से काफी संतुष्ट दिखे। उन्होंने कहा कि वार्ड में शिविर लगाने से आवेदन देना आसान हो गया है, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य सेवाओं के लिए निगम के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी। ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने वाली गिरजा बाई ने भी बताया कि बिना विभाग के चक्कर लगाए शिविर में ही लाइसेंस मिल गया, जिससे सुविधा काफी बढ़ गई है।
अगला शिविर 22 मई, शुक्रवार को भरकापारा स्कूल मैदान में वार्ड नं. 25, 26, 27, 28 और 29 के लिए आयोजित किया जाएगा। इस दौरान नगर निगम और जिला प्रशासन के विभिन्न विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
