नगर निगम की दबिश : गंज चौक में प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्रवाई, बजाज प्लास्टिक समेत 10 दुकानों से जुर्माना

Share This :

राजनांदगांव। शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को लेकर नगर निगम का अभियान तेज हो गया है। आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर गठित निगम के स्वास्थ्य अमले ने बुधवार को गंज चौक क्षेत्र में छापामार कार्रवाई की। इस दौरान बजाज प्लास्टिक, किराना दुकानों और फल ठेलों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित झिल्ली-पन्नी जब्त कर जुर्माना वसूला गया।

5 किलो झिल्ली जब्त, 2300 रुपये का दंड
निगम की टीम ने गंज चौक स्थित बजाज प्लास्टिक में दबिश देकर जाँच की, जहाँ भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक पाया गया। डस्टबिन का उपयोग न करने और पॉलीथीन विक्रय पर दुकान संचालक से 500 रुपये जुर्माना वसूला गया और 3 किलो प्लास्टिक जब्त किया गया। इसी तरह क्षेत्र के 10 अन्य किराना एवं फल विक्रेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिनसे 1800 रुपये अर्थदंड वसूल कर 2 किलो झिल्ली-पन्नी जब्त की गई।

गन्ना रस विक्रेताओं को समझाइश
कार्रवाई के दौरान टीम ने चौक-चौराहों पर गन्ना रस बेच रहे विक्रेताओं को भी हिदायत दी। उन्हें निर्देशित किया गया कि वे प्लास्टिक के डिस्पोजल गिलास का उपयोग पूरी तरह बंद करें। इसके अलावा दुकानदारों को अपनी सीमा के भीतर सामान रखने और सड़क पर बिल्डिंग मटेरियल या मलबा न फैलाने की सख्त चेतावनी दी गई।

पर्यावरण और मवेशियों के लिए घातक है प्लास्टिक
निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग न केवल पर्यावरण को दूषित कर रहा है, बल्कि आवारा मवेशी भी इसे खाकर मौत के मुंह में जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशों के तहत यह कार्रवाई प्रतिदिन जारी रहेगी।