जनदर्शन के आवेदन पर त्वरित कार्रवाई, वृद्ध महिला का ई-केवाईसी कर परिवार को मिला पूरा राशन

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण का एक सकारात्मक उदाहरण सामने आया है। ग्राम तुलसीपुर निवासी दीपक कुमार के आवेदन पर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उनकी वृद्ध माता का ई-केवाईसी पूरा कराया, जिसके बाद अब परिवार को राशन कार्ड में दर्ज सभी सदस्यों के अनुसार पूरा राशन मिलने लगा है।

जानकारी के अनुसार दीपक कुमार ने जनदर्शन में आवेदन देकर बताया था कि उनकी माता का ई-केवाईसी नहीं होने के कारण सितंबर 2025 से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत परिवार के पांच सदस्यों के बजाय केवल चार सदस्यों का राशन मिल रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने खाद्य विभाग के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

जांच में सामने आया कि वृद्धावस्था के कारण हितग्राही की माता फिंगरप्रिंट आधारित ई-केवाईसी कराने में सक्षम नहीं थीं, जिससे प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही थी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने विशेष पहल करते हुए फेस रिकग्निशन तकनीक के माध्यम से उनका सफलतापूर्वक ई-केवाईसी कराया और तकनीकी समस्या का समाधान किया।

प्रशासन ने बताया कि अब आगामी राशन आबंटन में परिवार के सभी पात्र सदस्यों के अनुसार पूरा राशन उपलब्ध कराया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निराकरण और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।