कलेक्टर ने बैंकिंग योजनाओं की समीक्षा की, पात्र हितग्राहियों को समय पर ऋण देने के निर्देश

Share This :

राजनांदगांव। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने गुरुवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति एवं जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति की बैठक लेकर विभिन्न शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बैंकों और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध ऋण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने विभिन्न योजनाओं—प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, एसएचजी बैंक क्रेडिट लिंकेज, पीएम स्वनिधि, किसान क्रेडिट कार्ड (मत्स्य, पशुपालन), पीएमईजीपी, पीएमएफएमई एवं पीएम अजय योजना—की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक में एलडीएम द्वारा पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं खेत बचाओ अभियान की जानकारी प्रस्तुत की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप तेजी लाई जाए और लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों के शाखा प्रबंधकों को सम्मानित भी किया गया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुख्य शाखा, छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक एवं बैंक ऑफ बड़ौदा मुख्य शाखा राजनांदगांव के अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुरूचि सिंह, नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक मनोज नायक, अग्रणी जिला प्रबंधक एवं आरसेटी प्रभारी निदेशक सहित विभिन्न बैंकों और विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।