शांतिपूर्ण एवं सौहार्द्रपूर्ण गणेश उत्सव मनाने तुमड़ीबोड़ पुलिस ने ली गणेश समितियों की बैठक

Share This :

तुमड़ीबोड़। आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ परिसर में गणेश समितियों एवं गणमान्य नागरिकों की शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन व सीएसपी वैशाली जैन के पर्यवेक्षण में आयोजित इस बैठक में चौकी प्रभारी धनीराम नारंगे ने समितियों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नियमों का पालन करने की हिदायत
बैठक में चौकी प्रभारी ने कहा कि गणेश प्रतिमा स्थापना, पूजा-अर्चना और विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों और समय-सीमा के भीतर ही करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा और सावधानी के दिए गए निर्देश:

नशा-मुक्त पंडाल: गणेश पंडालों में किसी भी प्रकार का नशा करने या कराने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा।

पहचान व सुरक्षा: समिति के सदस्यों के लिए ड्रेस कोड या विशेष पहचान चिह्न रखने तथा संभव होने पर पंडाल के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।

बिजली व मौसम संबंधी सतर्कता: बारिश के मौसम को देखते हुए बिजली के तारों व उपकरणों का इस्तेमाल पूरी सावधानी से करने की सलाह दी गई।

सूचना तंत्र: किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक किस्म के व्यक्तियों की उपस्थिति पर तत्काल पुलिस को सूचित करने को कहा गया।

पुलिस प्रशासन ने सभी समितियों से आपसी सौहार्द्र और शांति बनाए रखते हुए उत्सव मनाने की अपील की है।