राजनांदगांव। नगर निगम की टीम ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से रेवाडीह फरहद चौक के पास आम रास्ते पर किए गए अतिक्रमण को हटाकर आवागमन बहाल कराया है। यहां एक शिक्षक द्वारा सड़क पर पोल गाड़कर रास्ता बाधित कर दिया गया था, जिसकी शिकायत के बाद निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया।
उल्लेखनीय है कि रेवाडीह फरहद चौक निवासी शिक्षक रामसिंह ने आम रास्ते और सड़क की ऊंचाई करीब दो फीट बढ़ाकर वहां सीमेंट के दो पोल गाड़ दिए थे। इससे क्षेत्रवासियों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। नागरिकों की शिकायत पर निगम ने संबंधित को समझाइश दी थी और समय पर न हटाने पर नोटिस भी जारी किया था।
जेसीबी से हटाया गया अतिक्रमण
नोटिस की अवधि बीतने के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम के निर्देश पर तकनीकी अधिकारियों, निगम अमले और पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीन से सीमेंट के पोल उखाड़कर रास्ता खोला गया। साथ ही संबंधित व्यक्ति को दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत देते हुए कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
आयुक्त की अपील: सड़क पर पसरा व सामग्री न रखें
निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने शहरवासियों एवं व्यापारियों से शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि सड़कों और चौक-चौराहों पर ठेला-खोमचा या पसरा न लगाएं, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। साथ ही सड़क पर मलबे व निर्माण सामग्री न रखने की हिदायत देते हुए कहा कि अतिक्रमण दस्ता बिना पूर्व सूचना के कार्रवाई करेगा और जुर्माना भी वसूलेगा।
