चार दिन में 15,442 मीट्रिक टन धान खरीदा, अवैध धान के 18 प्रकरणों में 3915 कट्टा जब्त

Share This :

राजनांदगांव। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के साथ अवैध धान के खिलाफ कार्रवाई भी तेज हो गई है। खरीदी के चौथे दिन 1274 किसानों से 4832.24 मीट्रिक टन धान खरीदा गया। इस तरह चार दिनों में 4160 किसान अपनी उपज बेच चुके हैं और कुल 15,442.88 मीट्रिक टन धान का उपार्जन हो चुका है।

खाद्य विभाग के मुताबिक, 18 नवंबर को जिले के 122 धान उपार्जन केंद्रों के लिए 1343 टोकन जारी किए गए थे। इनके माध्यम से 5538.10 मीट्रिक टन धान बेचने के लिए पंजीकृत था। जारी टोकन में से 94.86 प्रतिशत किसानों ने केंद्रों में पहुंचकर धान बेचा। वहीं, 19 नवंबर के लिए 121 केंद्रों में 1425 टोकन जारी किए गए हैं। इनके जरिए 5848.32 मीट्रिक टन धान की खरीदी प्रस्तावित है।

एक दिन में पांच जगह कार्रवाई, 876 कट्टा धान जब्त

समर्थन मूल्य पर खरीदी में गड़बड़ी रोकने के लिए राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीमें लगातार जांच कर रही हैं। 18 नवंबर को अवैध धान के पांच प्रकरण दर्ज कर 876 कट्टा यानी 350 क्विंटल धान जब्त किया गया।

मंडी डोंगरगढ़ की टीम ने ग्राम ढारा और देवकट्टा में दो प्रकरणों में 90 कट्टा यानी 36 क्विंटल धान पकड़ा। मंडी राजनांदगांव की टीम ने ग्राम गठुला और भेड़ीकला के दो पोहा उद्योगों से 386 कट्टा यानी 154 क्विंटल धान जब्त किया। यहां लाइसेंस की निर्धारित सीमा से अधिक धान का संग्रहण किया गया था और जांच के दौरान जरूरी दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।

वहीं, धान उपार्जन केंद्र खैरझिटी में एक व्यक्ति रबी फसल का धान खपाने का प्रयास कर रहा था। नायब तहसीलदार राजनांदगांव ने कार्रवाई करते हुए 400 कट्टा यानी 160 क्विंटल धान जब्त किया।

अब तक 1728 क्विंटल अवैध धान पकड़ा

जिले में 17 नवंबर तक अवैध धान के 13 प्रकरणों में 3039 कट्टा यानी 1378 क्विंटल धान जब्त किया गया था। 18 नवंबर को पांच नए प्रकरण सामने आने के बाद कुल 18 मामलों में 3915 कट्टा यानी 1728 क्विंटल धान जब्त किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान दो वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जिला प्रशासन के अनुसार अवैध धान के भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए निगरानी जारी रहेगी। खरीदी व्यवस्था में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।