डोंगरगांव। ‘सुशासन तिहार 2026’ के तहत डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम तुमड़ीबोड़ में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों का सैलाब उमड़ पड़ा। तुमड़ीबोड़ क्लस्टर के अंतर्गत आने वाली 19 ग्राम पंचायतों के लिए लगाए गए इस महाशिविर में लोग अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर पहुंचे। शिविर में रिकॉर्ड 1,292 आवेदन प्राप्त हुए। राहत की बात यह रही कि कई आवेदनों का विभागीय अधिकारियों ने मौके पर ही ‘ऑन द स्पॉट’ निपटारा कर दिया।
शिविर में जिला प्रशासन और नगर निगम सहित पंचायत, कृषि, राजस्व, स्वास्थ्य और बिजली विभाग ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचाया।
खुशियों की चाबी: 5 हितग्राहियों को मिले प्रधानमंत्री आवास
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से सीधे लाभान्वित किया गया। सबसे ज्यादा खुशी उन 5 परिवारों के चेहरों पर दिखी, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके नए घर की चाबियां और प्रशस्ति पत्र सौंपे गए। इसके अलावा:
राशन और जॉब कार्ड: 18 परिवारों को नए राशन कार्ड और 3 ग्रामीणों को रोजगार के लिए मनरेगा जॉब कार्ड बांटे गए।
पेंशन और दिव्यांग सहायता: सामाजिक सहायता पेंशन योजना के तहत 13 बुजुर्गों और जरूरतमंदों को पेंशन पत्र दिए गए, जबकि 3 दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल बांटी गई।
कृषि और सेहत: 5 किसानों को उन्नत मूंग बीज दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती माताओं की गोदभराई कर सुपोषण किट बांटी गई।
बिहान योजना: महिला समूहों को 15.50 लाख के चेक, लखपति दीदियां सम्मानित
ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत बैंक लिंकेज योजना के चेक बांटे गए। इसमें सत्य कबीर समूह (कोहका), मां कर्मा समूह (नाथूनवागांव) और चंचल समूह (कोपेडीह) को 4-4 लाख रुपए की राशि दी गई। वहीं मां गायत्री समूह (मचानपार) को 1.50 लाख और किरण समूह (बांकल) को 2 लाख रुपए का चेक सौंपा गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की 5 ‘लखपति दीदियों’ और 4 ‘स्वच्छताग्राही दीदियों’ को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
मेधावी छात्रों का बढ़ा मान:
पढ़ाई में अव्वल आकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले तुमड़ीबोड़, बीजाभांठा, धौराभांठा और कोहका के 10वीं-12वीं बोर्ड के 25 मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही ‘प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना’ के 2 लाभार्थियों को भी सर्टिफिकेट दिए गए।
मंच पर जुटे जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अफसर
इस बड़े आयोजन में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पडौती, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जागृति चुन्नी यदु, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दिनेश गांधी, तुमड़ीबोड़ सरपंच श्रीमती भुनेश्वरी साहू सहित 19 पंचायतों के सरपंच मौजूद रहे। प्रशासनिक टीम से अपर कलेक्टर प्रेमप्रकाश शर्मा, एसडीएम श्रीकांत कोराम, जनपद सीईओ श्रीमती रोशनी भगत टोप्पो और तहसीलदार कमलकिशोर साहू सहित सभी विभागों के मैदानी अमले ने मोर्चा संभाला।
